🚨 बिलासपुर: चाकू से गंभीर घायल 15 वर्षीय किशोर को सिम्स में मिला नया जीवन
बिलासपुर। सिरगिट्टी निवासी 15 वर्षीय किशोर पर हुए चाकू हमले के बाद गंभीर हालत में उसे रात करीब 9 बजे सिम्स अस्पताल लाया गया। पेट और छाती में गहरे घाव होने से छोटी आंतें बाहर निकल आई थीं और फेफड़ों पर दबाव बनने के कारण उसकी सांसें भी प्रभावित हो गई थीं।
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देश पर इमरजेंसी, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. बृजेश पटेल के नेतृत्व में आपातकालीन ऑपरेशन कर छोटी आंतों के कई छेदों की सफल मरम्मत की गई तथा आंतरिक रक्तस्राव को नियंत्रित किया गया।
ऑपरेशन के बाद मरीज को आईसीयू में 24 घंटे निगरानी में रखा गया। डॉ. मधुमिता मूर्ति के नेतृत्व में चिकित्सकों ने वेंटिलेटरी सपोर्ट, संक्रमण नियंत्रण और दर्द प्रबंधन किया। स्वास्थ्य में सुधार के बाद मरीज को सर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि ऐसे गंभीर ट्रॉमा मामलों में 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उपचार मिलना जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। वहीं डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने पूरी चिकित्सा टीम की सराहना करते हुए इसे सिम्स की विशेषज्ञता, आधुनिक सुविधाओं और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
✍️ रिपोर्ट: श्याम पाठक