सुनामी मीडिया | समाचार
प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जीवाड़ा
रोजगार सहायक बर्खास्त, ₹1.20 लाख के गबन का मामला
बिलासपुर, 23 दिसंबर 2025।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जनपद पंचायत बिल्हा के ग्राम पंचायत खैरा (ड) में गंभीर फर्जीवाड़ा सामने आया है। योजना के क्रियान्वयन में अनियमितता और गबन के आरोप सिद्ध होने पर रोजगार सहायक मनोज सोनी को तत्काल प्रभाव से पद से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि जांच में यह प्रमाणित हुआ है कि रोजगार सहायक द्वारा गलत जियो-टैग फोटो अपलोड कर ₹1 लाख 20 हजार की राशि का गबन किया गया। शिकायत मिलने के बाद जनपद पंचायत बिल्हा द्वारा जांच टीम गठित कर मामले की विस्तृत जांच की गई।
जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताएं
जांच के दौरान संबंधित आवास के जियो-टैग फोटो और मौके की भौतिक स्थिति में स्पष्ट अंतर पाया गया। यह तथ्य सामने आया कि वास्तविक हितग्राही के आवास की तस्वीर अपलोड करने के बजाय किसी अन्य हितग्राही के आवास का फोटो अपलोड किया गया, जिसके आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त का आहरण कराया गया।
गबन और फर्जीवाड़ा प्रमाणित
जांच प्रतिवेदन में यह भी स्पष्ट हुआ कि श्री मनोज सोनी ने उक्त राशि का दुरुपयोग करते हुए पूरी राशि का गबन किया है। गंभीर लापरवाही, कर्तव्यहीनता और फर्जीवाड़े को देखते हुए जांच समिति ने उन्हें दोषी ठहराया।
कलेक्टर के अनुमोदन के बाद कार्रवाई
जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत रोजगार सहायक मनोज सोनी, ग्राम पंचायत खैरा (ड) को पद से तत्काल प्रभाव से पृथक कर दिया गया है। प्रकरण में नियमानुसार आगे की विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
— सुनामी मीडिया
--00--