कसडोल। विकासखंड अंतर्गत स्थित चरौदा शाखा नहर जो कि बलार बांध की मुख्य नहर से निकल कर ग्राम छरछेद, कोट होते हुए ग्राम चरौदा तक जाती है वह वर्षों से क्षति ग्रस्त है,खरीफ एवं रबी फसल के समय इसमे पानी छोड़ा जाता है पर यह पानी ग्राम छरछेद के पास बने सायफन से लीकेज हो जाता है जिससे खेतों में पानी की अधिकता हो जाने के कारण फसलों को नुकसान पहुचता है तथा पर्याप्त मात्रा में आगे के गांवों में पानी उपलब्ध नहीं हो पाता है।
लीकेज की वजह से अभी तक समस्या यथावत,सिंचाई विभाग कसडोल की उदासीनता उजागर:
ग्राम कोट के किसान मिलकर पिछले दो वर्षों में खुद ही नहर की साफ सफाई करते आ रहे हैं एवं लीकेज मरम्मत का कार्य भी करते हैं,इस वर्ष भी किसानों ने खुद ही साफ सफाई का कार्य किया है। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बावजूद चरौदा शाखा नहर की स्थिति बदहाल है। ग्राम छरछेद कोट एवं चरौदा के किसानो से बात करने पर जानकारी मिली कि हर वर्ष पानी के लीकेज हो जाने से नहर का पानी बेवजह ही बह जाता है जिससे फसलो को नुकसान पहुचता है। किसानों के अनुसार इस समस्या के बारे में उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की है पर सिंचाई विभाग की उदासीनता से वे लगातार निराश हैं तथा अपनी फसल बचाने हेतु जनसहयोग से कार्य करते आ रहे हैं।
सायफन की मरम्मत के नाम पर महज़ लीपापोती करता आ रहा है सिंचाई विभाग:
किसानों की शिकायत पर विभाग द्वारा सायफन की मरम्मत के नाम पर केवल ऊपर से कंक्रीट एवं मसाला डलवा दिया जाता है पर जैसे ही नहर में पानी छोड़ा जाता है उक्त सायफन में अंदर की ओर से पानी का दबाव बढ़ जाता है और पानी फिर से बह जाता है। किसानों के अनुसार सायफन को तोड़ कर नवनिर्माण की आवश्यकता है।
पिछले वर्ष भी कई अखबारों में किया गया था खबर का प्रकाशन:
उक्त संबंध में भी पिछले वर्ष ग्रामीणों के द्वारा किये जा रहे मरम्मत कार्य की खबर स्थानीय अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था किन्तु अब तक विभागीय लापरवाहियों की वजह से आज तक स्थाई तौर पर कार्य को पूर्ण नहीं कराया जा सका है। तीन वर्षों से शिकायत के बावजूद कोई सुध नहीं ले रहा विभाग।
ग्राम पंचायत कोट,छरछेद,चरौदा एवं अन्य ग्रामों के किसानों ने इस वर्ष कार्य नही हो पाने की स्थिति में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
मेरे द्वारा निर्देश दिया गया है,स्थल निरीक्षण कर सूचना मिलने पर बजट में प्रस्ताव करवाया जाएगा।
नरेंद्र पांडेय
(कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग,संभाग कसडोल)
Tags
लोकल समाचार