तखतपुर के जंगल में बाघिन का आतंक, लकड़ी लेने गए युवक को घसीटकर ले गई; मौत
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के जंगलों में बाघिन के हमले से दहशत का माहौल है। सोमवार को ग्राम बांधा के जंगल में लकड़ी लेने गए ग्रामीणों पर बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में धर्मजीत लहरे नामक युवक की मौत हो गई।
बाघिन युवक को घसीटकर जंगल के अंदर ले गई
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर कुछ ग्रामीण लकड़ी जुटाने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक बाघिन ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। बाघिन ने धर्मजीत लहरे पर झपट्टा मारा और उसे घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल में युवक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद युवक का शव जंगल के अंदर बरामद किया गया।
ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की हिदायत
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही ग्रामीणों को एहतियात बरतने और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। बाघिन की मौजूदगी को लेकर आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
तखतपुर पुलिस ने दी घटना की जानकारी
तखतपुर थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर की है। धर्मजीत लहरे लकड़ी जुटाने के लिए तखतपुर क्षेत्र के जंगल में गया था, जहां बाघिन के हमले में उसकी मौत हो गई। पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।