Sunami Media || हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस◆ पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल, मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण
बिलासपुर | 24 जनवरी 2026 | Sunami Media
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत आज सुबह पुलिस परेड ग्राउंड में अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के आगमन, स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों से परिचय, पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 26 जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रिहर्सल का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक मार्च पास्ट का आयोजन किया गया, जिसमें कुल तेरह टुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। समारोह में छत्तीसगढ़ के विकास को दर्शाती विभागीय झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य समारोह का संचालन हमेशा की तरह व्याख्याता द्वय सौरभ सक्सेना और मुकुल शर्मा करेंगे।
अंतिम रिहर्सल को देखने बड़ी संख्या में शहर के नागरिक, छात्र-छात्राएं, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
--00--