77वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फहराया तिरंगा
पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन
बिलासपुर, 26 जनवरी 2026/
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। संभागीय मुख्यालय बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह राष्ट्रगान के दौरान अपने स्थान पर खड़ा हुआ, वहीं वर्दीधारी अधिकारियों ने सलामी दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए तथा उत्साह और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमांडर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में राष्ट्रगान की धुन पर भव्य सलामी दी गई। पुलिस एवं नगर सेना द्वारा राष्ट्रध्वज को सम्मानपूर्वक सलामी अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भव्य परेड का प्रदर्शन
मुख्य समारोह में 13 प्लाटूनों ने आकर्षक एवं अनुशासित परेड का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान सशस्त्र पुलिस बल द्वितीय वाहिनी सकरी तथा द्वितीय स्थान नगर सेना महिला बल को प्राप्त हुआ। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान सीनियर बॉयज एनसीसी, द्वितीय सीनियर गर्ल्स एनसीसी और तृतीय स्थान जूनियर गर्ल्स विंग्स एनसीसी को मिला।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरगिट्टी, द्वितीय आंध्र समाज उच्चतर माध्यमिक शाला और तृतीय स्थान सेजेस तिफरा को प्राप्त हुआ। मास पीटी एवं जूम्बा वर्कआउट सहित नेशनल कॉन्वेंट भारती नगर विद्यालय की प्रस्तुतियाँ भी सराहनीय रहीं।
योजनाओं पर आधारित झांकियों का जीवंत प्रदर्शन
जिले के 21 विभागों द्वारा शासन की फ्लैगशिप योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकियों में प्रथम स्थान पुलिस विभाग, द्वितीय स्थान केंद्रीय जेल बिलासपुर तथा तृतीय स्थान जिला पंचायत बिलासपुर को प्राप्त हुआ। समारोह के पश्चात झांकियों का शहर में भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सौरभ सक्सेना एवं मुकुल शर्मा ने किया।