BJP की लिस्ट पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष ने कसा तंज....
दरअसल, भाजपा ने छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से ही 21 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दी है. इनमें से बस्तर संभाग के दो विधानसभा के भी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिया गया है. गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज जगदलपुर में आयोजित संकल्प शिविर में पहुंचे हुए थे. इस दौरान दीपक बैज ने भाजपा के द्वारा प्रत्याशियों के नाम घोषित करने को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए मीडिया को बयान दिया और कहा कि भाजपा इतनी जल्दी टिकट की घोषणा कर प्रत्याशियों के टेस्टिंग का काम कर रही है कि पहले प्रत्याशी को मैदान में उतारकर देखो यह गड़बड़ है तो नाम वापस ले लो. उन्होंने कहा कि मैं दावा के साथ कह सकता हूं कि डेढ़ महीने पहले प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर भाजपा टेस्टिंग का ही काम कर रही है.
उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा डिब्बे में घोषणा पत्र मांग रही है और अब तक घोषणा पत्र बना भी नहीं है, और उससे पहले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा समझ से परे है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन प्रत्याशियों को टिकट देने से पहले स्थानीय स्तर पर बूथ लेवल पर ब्लॉक और जिला कमेटी यहां तक की जनता की भी राय नहीं ली और दिल्ली में बैठे लोगों ने नाम फाइनल कर दिया. लेकिन कांग्रेस ऐसा बिल्कुल भी नहीं करेगी, कांग्रेस बूथ लेवल पर, ब्लॉक लेवल पर जिला लेवल पर और प्रदेश लेवल पर रायशुमारी करने के बाद ही अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेंगी, हालांकि इसके लिए अभी काफी समय है.