बिलासपुर । बिल्हा क्षेत्र में मिस काल से जान-पहचान के बाद नाबालिग को जांजगीर-चांपा में रहने वाला युवक शादी का झांसा देकर भगा ले गया। उसने झारखंड और हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे जांजगीर-चांपा जिला स्थित अपने घर ले आया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
बिल्हा क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी सितंबर 2022 में अपने घर से गायब हो गई। स्वजन ने इसकी शिकायत बिल्हा थाने में की। नाबालिग के गायब होने की सूचना पर बिल्हा पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसमें पता चला कि नाबालिग अपने मोबाइल से जांजगीर-चांपा जिले पामगढ़ थाना अंतर्गत बोरसी में रहने वाले जय यादव(22) संपर्क में थी। युवक भी अपने घर से फरार था। इस पर पुलिस युवक की तलाश कर रही थी।
इसी बीच पता चला कि युवक अपने घर आया है। बिल्हा पुलिस की टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने नाबालिग को अपने साथ होना बताया। पुलिस नाबलिग को छुड़ाकर अपने साथ ले आई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि सालभर पहले उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से काल आया था। इसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे।
इसी बीच युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ झारखंड ले गया। यहां से वह नाबालिग को लेकर उत्तराखंड के हरिद्वार चला गया। इस बीच उसने नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाए। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।