छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए हुआ मतदान,
रायपुर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित 300 पीसीसी प्रतिनिधियों ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मतदान किया। अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए प्रदेश में 311 मतदाता थे, जिसमें से छह सदस्यों ने अन्य राज्य में मतदान किया, जबकि पांच प्रतिनिधि मतदान करने नहीं पहुंचे। एक पीसीसी प्रतिनिधि की मौत हो गई है।
निर्वाचन अधिकारी हुसैन दलवई ने बताया कि प्रदेश में कुल 300 सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें 299 राज्य के प्रतिनिधि है। दलवई ने भी राजीव भवन में मतदान किया। छत्तीसगढ़ के छह लोगों ने अन्य राज्यों में मतदान किया। इसमें दो सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश, दो सदस्य एपीआरओ होने के कारण प्रभार राज्य, एक भारत जोड़ो यात्री ने कर्नाटक के बेल्लारी में और एक राज्यसभा सदस्य केटीएस तुलसी ने दिल्ली में मतदान किया।
अध्यक्ष पद के लिए मतदान करने सबसे पहले सुबह दस बजे कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करीब 11.10 बजे राजीव भवन पहुंचे। उसी दौरान मंत्री रविंद्र चौबे, ताम्रध्वज साहू, कवासी लखमा, रुद्र कुमार गुरु, डा. शिव डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, अंबिका सिंहदेव, ममता चंद्राकर ने भी राजीव भवन पहुंचकर मतदान किया।
मतदान करने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि गुप्त मतदान है, मैंने भी मतदान किया है। सीएम बघेल ने कहा कि कांग्रेस में हर पांच साल में चुनाव होता है। सोनिया गांधी भी जब पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी थी, तब भी चुनाव हुआ था। उसके बाद कांग्रेस कमेटियों ने गांधी परिवार पर भरोसा जताया। अब गांधी परिवार से कोई चुनाव में नहीं है, इसलिए मतदान हो रहा है। उनका कद और योगदान इतना बड़ा है कि उनके खिलाफ कोई चुनाव नहीं लड़ता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके अध्यक्ष जेपी नड्डा को चुन लिया गया, लेकिन कहीं कोई चर्चा ही नहीं हुई। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है, इसलिए लोग लाइन में लगकर वोट देकर अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन रहे हैं। मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि यह मतदान कांग्रेस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के मजबूती का प्रमाण है।
आज मतपेटी लेकर दिल्ली जाएंगे दलवई
मतदान के बाद निर्वाचन अधिकारी हुसैन दलवई ने मीडिया से चर्चा में कहा कि बहुत ही अच्छा मतदान रहा है। कहीं से कोई शिकायत नहीं आई। लगभग शत-प्रतिशत मतदान हुआ। प्रदेश संगठन मजबूत है, इसका उदाहरण यहां देखने को मिला। मतपेटी को सभी एजेंटों की निगरानी में सील कर दिया गया है।
दलवई ने बताया कि मंगलवार को वह मतपेटी लेकर दिल्ली जाएंगे। गांधी परिवार के नेतृत्व के सवाल पर दलवई ने कहा कि कांग्रेस में गांधी परिवार का नेतृत्व रहेगा, लेकिन अध्यक्ष अलग रहेगा। नया अध्यक्ष पूरी तरह निरपेक्ष होकर काम करेगा। दिल्ली में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे के चुनाव एजेंट अर्जुन तिवारी, अरुण सिंघानिया, अरुण सिसोदिया और सुमित्रा घृतलहरे थीं। वहीं, शशि थरूर के एजेंट विनय कुमार पावले और हरि प्रसाद कुशवाहा बने। थरूर के लिए जब कोई एजेंट नहीं बना, तो कांग्रेस कमेटी ने दो सदस्यों को एजेंट बनाया।