ब्रिटिश पीएम पद की दौड़ में अग्रणी ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने जन्माष्टमी मनाने के बाद बछ बारस पर गौ पूजा की। इसका वीडियो सोशल वीडियो में वायरल हो रहा है। इसके साथ ही सनातन धर्म व संस्कृति की विशेषताओं की चर्चा हो रही है। सुनक दंपती ने जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण की पूजा के फोटो इंस्टाग्राम पर साझा किए थे, लेकिन दो दिन पूर्व मनाए गए 'बछ बारस' पर गाय की पूजा का वीडियो उनके एक समर्थक ने ट्विटर पर साझा किया है। बछ बारस का पर्व 23 अगस्त को मनाया गया था। इस मौके पर गाय व बछड़े की पूजा कर मन्नत मांगी जाती है। भारत में यह पर्व बड़े पैमाने पर मनाया जाता है.ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक, बोरिस जॉनसन की जगह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में शामिल दो प्रमुख प्रत्याशियों में से एक हैं। उनका मुकाबला ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस से है, जो उनके मुकाबले कुछ भारी बताई जा रही है। सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी 5 सितंबर को अंतिम रूप से नए नेता का चुनाव करेगी, इससे सुनक की भी किस्मत का फैसला हो जाएगा। बता दें, उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति भारत की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की बेटी हैं।